प्रथम 'राष्ट्रीय आयुर्वेद युवा महोत्सव—2017' जयपुर में
बैस्ट रिपोर्टर न्यूज,जयपुर। जोरावर सिंह गेट स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान परिसर में 14 से 16 सितम्बर के बीच प्रथम 'राष्ट्रीय आयुर्वेद युवा महोत्सव—2017' का आयोजन किया जायेगा जिसमें देश भर से करीब 2500 युवा प्रतिभागी भाग लेंगें इनमें आयुर्वेद के विद्यार्थी, डॉक्टर एवं शोधकर्ता शामिल रहेंगें। आयुष मंत्रालय भारत सरकार द्वारा समर्थित एवं राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान व नेशनल आयुर्वेद स्टूडेंट एण्ड यूथ एसोसिएशन (नस्य) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केन्द्रीय आयुष मंत्री श्रीपद नाईक तथा राजस्थान के चिकित्सा मंत्री कालीचरण सर्राफ द्वारा किया जाएगा। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य आयुर्वेद के विद्यार्थियों की छुपी प्रतिभा को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना तथा परस्पर विचार विमर्श द्वारा अपने ज्ञान में अभिवृद्धि करना है। कार्यक्रम में शामिल कुछ मोड्यूल गिनिज बुक आॅफ वल्र्ड रिकार्डस हेतु भी भेजे गये हैं जिनपर स्वीकृति अतिशीघ्र संभावित है। महोत्सव में आर्यु नैक्सट ,आर्यु जी.के., इन्द्रधनुष,नटराजन,सम्भाषणम्,सरस्वती और ई—आयुर्वेद नामक 8 मुख्य गतिविधियां रखी गई हैं। महोत्सव के लिए प्रतिभागियों के आॅनलाईन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया वैबपोर्टल www.nasya.in पर जारी हैं। पंजीकरण शुल्क मात्र 300 रू प्रति प्रतिभागी रखा गया है। महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में 2000 से लेकर 10000 तक के पुरस्कार भी प्रदान किए जायेगें। उक्त सभी जानकारी राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में प्रदान की गई। प्रेस कांफ्रेंस में एनआईए के निदेशक प्रो.संजीव शर्मा, महोत्सव आयोजन समिति की सह—अध्यक्ष प्रो.मीता कोटेचा तथा नस्य संस्था के वैद्य छगनलाल उपस्थित रहे।